बेमेतरा 26 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में ट्रांसफार्मर ब्लास्ट की दर्दनाक घटना में झुलसे तीन किसानों की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में पिता-पुत्र समेत तीन किसान गंभीर रूप से झुलस गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया, जहां करीब पांच दिन तक चले इलाज के बाद शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर सामने आने के बाद मोहतरा गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों में शुक्रवार को एक ही घर से पिता और बेटे की अर्थी उठी, तो गांव का माहौल गमगीन हो गया।
जानकारी के मुताबिक 20 सितंबर को मोहतरा गांव के हेमबंद खार में बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार धमाका हो गया। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त तीनों किसान अपने खेत में काम कर रहे थे। तभी ये हादसा हो गया और धमाके के बाद ट्रांसफार्मर से गर्म तेल और आग की लपटें निकलीं, जिसकी चपेट में आकर ईश्वर पटेल (62), राधेश्याम चंद्राकर (50) और उनके बेटे छन्नू चंद्राकर (32) गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद तीनों को तत्काल बेमेतरा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया, जहां करीब पांच दिनों तक उनका इलाज चला।
इलाज के बावजूद शुक्रवार को तीनों किसानों ने दम तोड़ दिया। एक ही हादसे में तीन किसानों की मौत की खबर से मोहतरा गांव में मातम पसरा हुआ है। राधेश्याम चंद्राकर और उनके 32 वर्षीय बेटे छन्नू चंद्राकर का शुक्रवार को ही अंतिम संस्कार किया गया। एक ही परिवार से पिता-पुत्र की एक साथ अर्थी उठने का दृश्य देखकर ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। वहीं तीसरे मृतक किसान ईश्वर पटेल का अंतिम संस्कार शनिवार को मोहतरा में किया जाएगा। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी को लेकर जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। तीन किसानों की मौत ने गांव में बिजली उपकरणों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

No Comment! Be the first one.