कोरबा। सोनालिया पुल के पास नहर की रिटर्निंग वॉल लंबे समय से क्षतिग्रस्त हालत में है। दीवार की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे आसपास से गुजरने वाले लोगों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। यदि समय रहते आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बताया जा रहा है कि रिटर्निंग वॉल के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी नगर निगम द्वारा 19 मार्च को ही जल संसाधन विभाग को पत्र के माध्यम से दी जा चुकी थी। इसके बावजूद कई महीने बीत जाने के बाद भी अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इस दौरान दीवार की स्थिति और अधिक जर्जर हो गई है।

जानकारी के अनुसार, जल संसाधन विभाग की ओर से रिटर्निंग वॉल के निर्माण/मरम्मत कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया भी कराई गई थी। हालांकि टेंडर प्रक्रिया में किसी ठेकेदार ने काम करने में रुचि नहीं दिखाई। इसके बाद मामला आगे नहीं बढ़ सका और मौके पर समस्या जस की तस बनी रही।

सबसे गंभीर स्थिति यह है कि क्षतिग्रस्त दीवार के आसपास लगातार लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में यदि दीवार का कोई हिस्सा अचानक गिरता है या संरचना और कमजोर होती है, तो जान-माल के नुकसान की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय स्तर पर अब यह सवाल उठने लगा है कि जब मार्च महीने में ही नगर निगम ने संबंधित विभाग को स्थिति से अवगत करा दिया था, तो इतने समय बाद भी सुरक्षा के स्थायी इंतजाम क्यों नहीं किए गए? टेंडर में ठेकेदार के सामने नहीं आने के बाद विभाग द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
अब देखना होगा कि लगातार बढ़ते खतरे के बीच जल संसाधन विभाग और प्रशासन इस मामले में कब तक ठोस कदम उठाते हैं और सोनालिया पुल के पास नहर की जर्जर रिटर्निंग वॉल की समस्या का स्थायी समाधान कब तक हो पाता है।

No Comment! Be the first one.