पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर जयसिंह अग्रवाल ने तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया नमन
कोरबा। देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी जी की 109वीं जयंती के अवसर पर आज पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया।

इस अवसर पर जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि इंदिरा गांधी जी का संपूर्ण जीवन साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्हें ‘आयरन लेडी’ के रूप में जाना जाता है। उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता थी कि वे कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने निर्णयों पर दृढ़ रहती थीं और चुनौतियों का सामना पूरे आत्मविश्वास एवं संकल्प के साथ करती थीं।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि इंदिरा जी का जीवन हमें सिखाता है कि सार्वजनिक जीवन में अनुशासन, स्पष्ट विचारधारा, निर्णय लेने की क्षमता और अपने सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता कितनी महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखते हुए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए तथा अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की पहचान को नई मजबूती प्रदान की। उनका नेतृत्व, संघर्षशीलता और देश के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि आज आवश्यकता है कि हम इंदिरा गांधी जी के जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनके साहस, अनुशासन, दूरदर्शिता और जनसेवा के संकल्प को अपने आचरण में आत्मसात करें। उनके आदर्शों पर चलते हुए देश की एकता, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने भी स्व. इंदिरा गांधी जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके विचारों एवं योगदान को स्मरण किया।
