कोरबा। कचरे से लदे ट्रैक्टर पर स्वच्छता दीदियों को बैठाकर ले जाने और बिना नंबर प्लेट वाले वाहन से कचरे का परिवहन करने के मामले में नगर पालिक निगम कोरबा ने सख्त रुख अपनाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए निगम आयुक्त ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित (DSPM पूर्व), कोरबा के मुख्य अभियंता को आधिकारिक नोटिस जारी किया है। प्रबंधन से तीन दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

मंगलवार को बुधवारी के समीप कचरे से भरे एक ट्रैक्टर पर स्वच्छता दीदियों को कचरे के ऊपर बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया था। इस दौरान वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। सिटी बुलेटिन ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए DSPM प्रबंधन को नोटिस जारी किया है।
बिना नंबर प्लेट वाले वाहन से कचरे का परिवहन
नगर निगम द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, मीडिया में प्रकाशित खबरों के माध्यम से यह जानकारी सामने आई कि DSPM परिसर में सफाई कार्य के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों का उपयोग कर खुले में अपशिष्ट का परिवहन किया जा रहा है। इसके अलावा, सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों को कचरे से भरे वाहनों में असुरक्षित तरीके से बैठाकर ले जाया जा रहा था।

निगम ने इस स्थिति को कर्मचारियों की सुरक्षा और निर्धारित नियमों के पालन के लिहाज से गंभीर माना है। नोटिस में संबंधित नियमों और प्रावधानों का उल्लेख करते हुए प्रबंधन से जवाब मांगा गया है।
तीन दिन में जवाब देने का अल्टीमेटम
नगर निगम ने DSPM के मुख्य अभियंता को तीन दिनों के भीतर अपना लिखित पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समयसीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों, श्रम कानूनों तथा संबंधित दिशा-निर्देशों के तहत वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

कर्मचारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल ?
इस पूरे मामले ने सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कचरे का सुरक्षित परिवहन और कर्मचारियों को उचित सुरक्षा उपलब्ध कराना संबंधित प्रबंधन की जिम्मेदारी है। अब निगम के नोटिस के बाद DSPM प्रबंधन के जवाब और आगे होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।
