VIDEO वायरल: महाराणा प्रताप चौक के पास हुई घटना, मोहल्लेवासियों ने मशक्कत कर आग पर पाया काबू
कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक के पास स्थित अब्दुल्ला टायर दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटों में दुकान के बाहर रखे टायर जलकर खाक हो गए और आग दुकान के अंदर तक पहुंच गई। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। हादसे में दुकान संचालक मोहम्मद नौशाद को 80 हजार रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय निवासी ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे संचालक ने देखा कि टायर धू-धूकर जल रहे थे। इसके बाद मोहल्लेवासियों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकान संचालक ने असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर आग लगाए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि इलाके में नशेड़ियों की गतिविधियां चिंता का विषय बनी हुई हैं। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। संचालक ने जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब पुलिस जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आ सकेगी।
