हाथी को ट्रैक्टर से दौड़ाकर किया परेशान, वन विभाग ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार; भेजे गए जेल
कोरबा। जिले में हाथी को ट्रैक्टर के माध्यम से परेशान करने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वनमंडल कोरबा के वन परिक्षेत्र कुदमुरा अंतर्गत ग्राम जिलगा में हुई इस घटना में वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल करा दिया है। घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है।

वनमंडलाधिकारी कोरबा के निर्देश पर गठित टीम द्वारा मामले की लगातार जांच और आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। इसी कड़ी में 24 नवंबर को उपवनमंडल अधिकारी कोरबा तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी कुदमुरा एवं पसरखेत की उपस्थिति में वन विभाग के मैदानी अमले ने ग्राम जिलगा में सघन तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान घटना में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर गांव की ही एक बाड़ी में छिपाकर रखा हुआ मिला। वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचाया। जांच में यह भी सामने आया कि ट्रैक्टर चालक दिग्विजय के पास वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था।
मामले में आगे की विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर वन विभाग ने 25 नवंबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार जेल दाखिल करा दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
1. दिग्विजय (25 वर्ष), निवासी ग्राम जिलगा।
2. सुकनंदन (36 वर्ष), निवासी ग्राम जिलगा।
3. सब्बीर खान (35 वर्ष), निवासी ग्राम जिलगा।
तीनों आरोपी थाना श्यांग क्षेत्र के ग्राम जिलगा, जिला कोरबा के निवासी हैं।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
वन विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 9 सहपठित धारा 2(16)(ख), 2(35), 2(36), 39(1)(घ), 50(1)(ग), 51 एवं 52 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
वन विभाग की आम नागरिकों से अपील
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हाथियों को परेशान करने, उनका पीछा करने या वाहनों से उनके नजदीक जाने जैसी गतिविधियों से बचें। वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें और मानव-हाथी द्वंद्व की रोकथाम में सहयोग दें।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों की सुरक्षा और आमजन की जान-माल की रक्षा के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। वन्यजीवों को परेशान करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
