साजा विधायक चिलम-तंबाकू को डिब्बा गाने पर डांस करते आए नजर, वीडियो पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
छत्तीसगढ़। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक वीडियो जारी करते हुए साजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ईश्वर साहू पर निशाना साधा है। वीडियो में विधायक ईश्वर साहू चिलम-तंबाकू को डिब्बा गाने पर डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। कांग्रेस ने इसी वीडियो को लेकर विधायक पर तंज कसते हुए जनसमस्याओं का मुद्दा उठाया है।
कांग्रेस ने वीडियो के साथ प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई, गरीबों को चना-गुड़ नहीं मिलने, युवाओं की बेरोजगारी, महंगी बिजली और पटवारियों की हड़ताल जैसी समस्याओं को उठाते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।

कांग्रेस का आरोप है कि एक ओर आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और अन्य समस्याओं से जूझ रही है, वहीं साजा विधायक को इन जनसमस्याओं की कोई चिंता नहीं है। पार्टी ने तंज कसते हुए कहा कि जनता की परेशानियों से ज्यादा विधायक की दिलचस्पी चिलम-तंबाकू को डिब्बे गाने में डांस करने में नजर आ रही है।
कांग्रेस द्वारा वीडियो जारी किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वीडियो देखने के बाद लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग कांग्रेस के सवालों का समर्थन कर रहे हैं, तो कुछ इस पूरे मामले को लेकर अलग नजरिया रख रहे हैं।
फिलहाल विधायक के डांस वाले इस वीडियो को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि इस मामले पर विधायक ईश्वर साहू या भाजपा की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
