कोरबा। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और यातायात नियमों के पालन का संदेश देने के उद्देश्य से पुलिस विभाग की टीम PWD रामपुर स्कूल पहुंची। यहां यातायात जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन, यातायात नियमों और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर एवं डीएसपी यातायात ज्योत्सना चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में एएसआई मनोज राठौर ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की उपयोगिता समझाई। उन्होंने हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क पार करते समय सावधानी बरतने की समझाइश दी।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं के साथ-साथ दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए हैं। सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का जिम्मेदारी से पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम में स्कूल की प्राचार्या शकुंतला अग्रवाल सहित एएसआई मनोज राठौर, प्रधान आरक्षक मनोज दुबे, आरक्षक कमल सिंह एवं कमलेश आयाम उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
