कोरबा में जाम और बदहाल सड़कों से मिलेगी राहत! सड़क-पुल के काम होंगे तेज, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
कोरबा। शहर में जाम और खराब सड़कों से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। जिला प्रशासन ने सड़क और पुल से जुड़े स्वीकृत निर्माण कार्यों में तेजी लाने की कवायद शुरू कर दी है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने निर्माण एजेंसियों को लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने और निर्माण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
सोनालिया पुल से नहर मार्ग तक रिटर्निंग वॉल का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सोनालिया पुल से अग्रसेन चौक के समीप वैकल्पिक पुल और सड़क निर्माण को खनिज न्यास मद से मंजूरी मिल चुकी है। इस वैकल्पिक मार्ग के तैयार होने से शहर के प्रमुख हिस्सों में बढ़ रहे यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
वहीं बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत के लिए नगर निगम को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। शहर के प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण से जुड़े कार्यों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
जिन क्षेत्रों में रोजाना जाम की स्थिति बन रही है, वहां नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम करेगी। प्रशासन की इन कवायदों से शहरवासियों को जाम, खराब सड़कों और यातायात अव्यवस्था से राहत मिलने की उम्मीद है।

No Comment! Be the first one.