कोरबा। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर विभाग द्वारा लगातार ताबड़तोड़ अभियान चलाकर अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के दौरान महज 10 दिनों में 61 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने 178.870 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ करीब 325 किलो लाहन भी जब्त किया है।
अवैध शराब के मामलों में कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को अजमानतीय धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। आबकारी विभाग की टीम ने जिले के पाली, हरदीबाजार, कटघोरा, उरगा और कुसमुंडा क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई की।
बताया गया कि कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए आबकारी टीम ने कई स्थानों पर छद्म ग्राहक बनकर अवैध शराब की बिक्री करने वालों को पकड़ा। वहीं, कुछ स्थानों पर आरोपी अवैध शराब के साथ रंगे हाथों दबोचे गए।
आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

No Comment! Be the first one.